हल्द्वानी में प्रेस वार्ता करते सीएम पुष्कर सिंह धामी।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को केंद्रीय बजट को लेकर हल्द्वानी में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि इस बार का केंद्रीय बजट विकसित भारत-2047 और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी बजट है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार को केंद्र में रखकर तैयार किया गया यह बजट देश की प्रोडक्टिव कैपिसिटी बढ़ाने के साथ-साथ स्थाई रोज़गार के नए मौके पैदा करेगा। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि रेलवे क्षेत्र में उत्तराखंड को ₹4,769 करोड़ का रिकॉर्ड आवंटन मिला है। उन्होंने कहा कि यह 2009 और 2014 की तुलना में 26 गुना ज्यादा है। गौरतलब है कि राज्य में ₹39,491 करोड़ की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। बकौल सीएम धामी, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। 

रेलवे के क्षेत्र में और हो रहे हैं ये काम

उन्होंने बताया कि 11 रेलवे स्टेशन, अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे हैं और 100% रेल विद्युतीकरण पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा 54 कवच सिस्टम और 106 फ्लाईओवर या अंडरपास के साथ-साथ 3 वंदे भारत और एक अमृत भारत एक्सप्रेस से राज्य की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

केंद्रीय करों में राज्य का हिस्सा ₹17,414.57 करोड़ है तय

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड के लिए केंद्रीय करों में राज्य का हिस्सा ₹17,414.57 करोड़ तय किया गया है। बकौल सीएम धामी, इससे राज्य को इस वर्ष ₹1,841.16 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस बजट से उत्तराखंड के समावेशी विकास को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से ‘स्कीम फॉर स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट’ (SASCI) के विस्तार का अनुरोध किया था। उसे इस बजट में स्वीकार करने के साथ ही उसके प्रावधान भी बढ़ाए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह राशि संशोधित अनुमान ₹1,44,000 करोड़ से बढ़ाकर ₹1,85,000 करोड़ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27