मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली के पीपलकोटी स्थित स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आधुनिक उपकरणों और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन व्यवस्थाओं, जांच सुविधाओं और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के उपचार की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को यहां गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध इलाज दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसायटी द्वारा सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं के साथ संचालित यह अस्पताल पर्वतीय क्षेत्र के लिए वरदान साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अंतिम छोर तक रहने वाले नागरिक को भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करना है और इस दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने डॉक्टरों और स्टाफ के काम की तारीफ करते हुए कहा कि विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिस समर्पण भाव से सेवाएं दी जा रही हैं, वह अत्यंत प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को लेकर सरकार लगातार कोशिश कर रही है जिससे आमजन को बेहतर इलाज के लिए दूरदराज न जाना पड़े। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को संस्थान की जरूरतों के बारे में बताया। इस पर मुख्यमंत्री ने अफसरों को जनहित में जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। Post navigation अधूरे कामों को जल्द पूरा करो: USDDA के निदेशक संग बैठक में हल्द्वानी विधायक सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो अंकिता केस की CBI जांच: इंद्रेश मैखुरी