उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। सदन में ₹1.11 लाख करोड़ से ज्यादा का बजट पेश किया गया है। यह पहली बार है जब उत्तराखंड सरकार ने राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही सदन में बजट पेश किया है। 

इसके साथ ही यह पहला मौका है जब मुख्यमंंत्री धामी ने सदन में बतौर वित्त मंत्री बजट पेश किया। इससे पहले वह पिछले साल अनुपूरक बजट पेश कर चुके हैं। गौरतलब है कि पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद से वित्त विभाग का जिम्मा मुख्यमंत्री धामी के पास ही है। 

इस बार बजट को 10% बढ़ाया गया है। बजट पेश करते हुए सीएम धामी ने अलग-अलग विभागों को आवंटित खजाने की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही विजन के बार में भी बताया। 

राज्य में लगातार ऐसे बढ़ता रहा बजट का आकार

उत्तराखंड के बजट में लगातार बढ़ोतरी नजर आ रही है। 2002-2003 में राज्य का बजट 5,880 करोड़ का था जो 2014-15 में बढ़कर 29,825 करोड़ पहुंच गया। 2017-18 में 39,856 करोड़, 2020-21 में 52,423 करोड़ कर 2024-25 में 89,230 करोड़ का बजट सदन के पटल पर पेश किया गया था। साथ ही 2025-26 में सरकार का बजट 1,01,175 करोड़ पहुंच गया था। 

यह GYAN के साथ ही VIGYAN का भी बजट: सीएम 

मुख्यमंत्री धामी ने सदन में कहा कि यह बजट हमारी सरकार की दृष्टि और रणनीति की निरंतरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हमने पिछले बजट भाषणों में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी सशक्तिकरण की अवधारणा के साथ GYAN पर फोकस किया था।

सीएम धामी ने इस वित्त वर्ष के बजट को GYAN यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी सशक्तिकरण की मूल धारणा के साथ-साथ VIGYAN का बजट करार दिया। उन्होंने कहा कि VIGYAN का मतलब वेल्यू बेस्ड इनोवेशन ड्रिवन, गुड गवर्नेंस यूथ-पावर्ड और एकाउंटेबिलिटी की मूल अवधारणा पर बना नया उत्तराखंड है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27