हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। हल्द्वानी कोतवाली की पुलिस ने एक महिला को कथित तौर पर ₹36 लाख से ज्यादा कीमत की स्मैक के साथ एक महिला को अरेस्ट किया है।

पुलिस ने बताया कि बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के गौजाजाली की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय जोया खान को एफटीआई गेट के पास शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। बकौल पुलिस, चेक करने पर जोया के पास से 132 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसकी कीमत करीब ₹36 लाख आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, महिला के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला के खिलाफ हल्द्वानी और मुखानी थाने में पहले से भी केस दर्ज हैं। 

गौरतलब है कि पुलिस ने बुधवार को रुद्रपुर की कनिका नामक महिला को चेकिंग के दौरान बेलबाबा मंदिर के पास से पकड़ा था। तलाशी लेने पर उसके पास से कथित तौर पर ₹60 लाख कीमत की 203 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। 

इस साल अब तक ₹2.66 करोड़ की स्मैक बरामद

पुलिस ने बताया कि इस साल अब तक 28 तस्करों को गिरफ्तार कर ₹2.66 करोड़ की स्मैक बरामद कर चुकी है। बकौल पुलिस, सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है। इसके साथ ही पुलिस नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी कर रही है। पुलिस का कहना है कि इससे नशे के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27