Nainital के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया है कि 4 से 10 जुलाई तक प्रदेश में सेवा सप्ताह कार्यक्रम मनाया जा रहा है। नैनीताल जिले में भी यह कार्यक्रम विभिन्न स्थानों में आयोजित किए जा रहे हैं। ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित सेवा सप्ताह शिविरों में विभिन्न विभागों के माध्यम से जन समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। साथ ही विभागीय स्टालों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को उपलब्ध कराया जाएगा। सेवा सप्ताह कार्यक्रम को जिले में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराए जाने के लिए जिलाधिकारी रयाल ने आदेश जारी कर अफसरों को जिम्मेदारियों सौंप दी हैं। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे को जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि 4 जुलाई (शनिवार) को प्रातः 11 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देहरादून से सेवा सप्ताह कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जाएगा। जिले में भी इस कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखण्ड परिसर भीमताल से किया जाएगा। जिलाधिकारी कहा कि सेवा सप्ताह कार्यक्रम में लोगों को जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर ना काटना पड़ें इसलिए संबंधित विभागों के अधिकारी स्वयं शिविरों में उपस्थित होकर समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा जनपद में 04 जुलाई शनिवार को विकास खण्ड परिसर भीमताल में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे और बहुउद्देश्यीय शिविर भी लगेगा। इसके साथ ही 5 जुलाई (रविवार) को स्पोट्स स्टेडियम हल्द्वानी में मैराथन, मंडल स्तरीय शूटिंग, साइकलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 6 जुलाई (सोमवार) को विकास खण्ड परिसर रामनगर में स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजनों के लिए उपकरण एवं बालिकाओं व महिलाओं का विशेष स्वास्थ्य शिविर और बहुउद्देश्यीय शिविर लगाया जाएगा। 7 जुलाई (मंगलवार) को तहसील परिसर कैंची धाम में महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे तथा बहुउद्देश्यीय शिविर लगाया जाएगा। 8 जुलाई (बुधवार) को विकासखण्ड परिसर धारी में कृषि, उद्यान एवं पशुपालन आदि विभागों के द्वारा विशेष आयोजन तथा बहुउद्देश्यीय शिविर लगाया जाएगा। 9 जुलाई (गुरुवार) को विकासखण्ड परिसर कोटाबाग में उद्योग, लद्यु उद्योग एवं सूक्ष्म उद्योग के विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे तथा बहुउद्देश्यीय शिविर लगाया जाएगा। 10 जुलाई (शुक्रवार) को विकास खण्ड परिसर हल्द्वानी में रेल, सड़क, रोपवे, जमरानी बांध, उड़ान स्कीम और वृहद अवस्थापना विकास पर कार्यक्रमों के आयोजन के साथ ही बहुउद्देश्यीय शिविर लगाया जाएगा। कार्यक्रमों के सफल आयोजन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं हेतु संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी को नोडल और खण्ड विकास अधिकारी को सह-नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिविर में स्वयं उपस्थित होकर क्षेत्रीय जनता को शिविर का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। Post navigation Uttarakhand: दिनदहाड़े किशोर की हत्या, 2 युवक गिरफ्तार Nainital: बारिश को लेकर 2 दिन का ऑरेंज अलर्ट, लोगों से की गई ये अपील