रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के सिडकुल क्षेत्र स्थित एक कंपनी में सुरक्षा जांच के दौरान चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक फैक्ट्री का कर्मचारी कथित तौर पर मुंह में चांदी छिपाकर उसे फैक्ट्री से बाहर ले जाने की कोशिश करते पकड़ा गया है। आरोपी को सिक्योरिटी जांच के दौरान पकड़ने का दावा किया गया है। मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिडकुल स्थित एक मेटल प्लांट में सिक्योरिटी हेड के पद पर तैनात रजनीश पाल ने पंतनगर थाने में सौंपी तहरीर में कहा है कि 29 जनवरी की सुबह करीब साढ़े सात बजे वह मुख्य गेट पर सिक्योरिटी ऑफिसर के साथ ड्यूटी पर तैनात थे। बकौल पाल, इस दौरान ड्यूटी खत्म कर कंपनी से लौट रहे कर्मियों की जांच करने पर यूपी के शाहजहांपुर निवासी अरविंद कुमार पर शक हुआ। पाल का दावा है कि इस पर आधुनिक सुरक्षा उपकरण से उसकी जांच की गई। उन्होंने बताया कि तो जांच में अरविंद द्वारा अपने मुंह में करीब 170 ग्राम चांदी का टुकड़ा छिपाकर ले जाने की बात सामने आई। बरामद चांदी के टुकड़े की कीमत करीब 70,000 रुपये बताई गई है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिडकुल पुलिस ने जरुरी जानकारी जुटाई। मामले में पुलिस ने पाल की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। Post navigation यहां स्कूल बस ने बाइक को मारी टक्कर, घर से 100 मीटर दूर 3 युवकों की हुई मौत Uttarakhand: किच्छा में ₹3 करोड़ की स्मैक के साथ यूपी का तस्कर अरेस्ट