नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर जिले की नानकमत्ता कोतवाली की पुलिस ने कथित तौर पर हनीट्रैप कर लूट, डकैती और ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने 2 महिलाओं समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के लोग महिलाओं के जरिए फोन कॉल कर शिकार को जाल में फंसाने के बाद सुनसान जगह पर बुलाते थे। इसके बाद शिकार को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट व लूट की वारदात को अंजाम दिया जाता था। आरोप है कि गिरोह के लोग पीड़ितों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर बड़ी रकम की फिरौती भी मांगते थे। आरोप है कि एक शख्स को महिलाओं द्वारा कॉल पर मीठी-मीठी बातों में फंसाकर मिलने के बहाने नानकमत्ता के मच्छी झाला इलाके में बुलाया गया। बकौल पुलिस, गिरोह के सदस्यों ने शख्स को घेरकर बंधक बनाने के बाद उसका अश्लील वीडियो बनाया और ₹50 लाख की फिरौती मांगने की साजिश रची थी। इस दौरान आरोपी, शख्स से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और कार कथित तौर पर लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड, डाक्यूमेंट्स, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। पुलिस जांच में गिरोह के अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय होने की बात सामने आई है। बकौल पुलिस इस गिरोह के कई सदस्यों पर यूपी और उत्तराखंड में लूट, डकैती के आरोप के साथ ही आर्म्स व एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज हैं। गिरोह के सरगना तारा सिंह पर करीब 2 दर्जन केस दर्ज बताए जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, वह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। Post navigation श्री हेमकुंड साहिब जी के कपाट खुलने की तिथि हुई घोषित, जानें डिटेल्स Uttarakhand: अवैध खनन मामले की जांच में लापरवाही पर पुलिस चौकी लाइन हाजिर