देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार सुबह राजकीय दून मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने यहां मंगलवार को कालसी इलाके में क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल रोडवेज बस के खाई में गिरने से घायल हुए लोगों का हालचाल जाना।

इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के इलाज को लेकर अपडेट  लिया। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों की टीम को सभी घायलों को बेहतर और त्वरित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। बकौल सीएम, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से कॉल पर कहा कि जिन घायलों का इलाज वहां चल रहा है उन्हें जरूरी इलाज मुहैया कराएं। इसके साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखण्ड में उपचाराधीन हिमाचल के सभी घायल यात्रियों का समुचित एवं निःशुल्क इलाज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27