हल्द्वानी। Uttarakhand सरकार ने विदेशी भाषाएं सीखने की इच्छा रखने वालों के लिए खुशखबरी दी है। दरअसल, विधानसभा के बजट सत्र में एक सवाल के जवाब में सरकार की ओर से अल्मोड़ा में लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की गई है।

दरअसल, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत संचालित लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर के संबंध में सदन में सवाल पूछा। इसके जवाब में कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि वर्तमान में यह सेंटर 2023 से सिर्फ देहरादून में संचालित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि इस सेंटर में अलग-अलग भाषाओं की ट्रेनिंग दी जा रही है और यहीं से उनकी जॉब की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभाग को इन सेंटरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है जिससे ज्यादा-से-ज्यादा बच्चों को इसका फायदा मिल सके। इस दौरान बहुगुणा ने सरकार की ओर से अल्मोड़ा में लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की। 

इस बार योजना में ट्रेनिंग का बजट किया गया ₹3.3 करोड़

सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना में ट्रेनिंग का जो बजट सिर्फ ₹75 लाख का था, उसे इस बार बढ़ाकर ₹3.3 करोड़ कर दिया गया है। मंत्री ने  बताया कि सेंटर में बच्चों को 8 से 10 महीने की ट्रेनिंग दी जाती है। उन्होंने बताया कि यहां 16 अधिकृत एजेंसियों के जरिए ट्रेनिंग दी जा रही है। 

अब तक 147 बच्चों को दी गई ट्रेनिंग, 92 को विदेश में मिली जॉब 

सदन में कौशल विकास मंत्री बहुगुणा ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 147 बच्चों को विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग दी गई है। बहुगुणा के मुताबिक, अब तक कुल 92 बच्चों की अलग-अलग देशों में नौकरी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि 10 और बच्चों के लिए सऊदी अरब में नौकरी के प्रस्ताव आए हैं।

बकौल बहुगुणा, पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात के बीच राज्य सरकार उन लोगों की भी पूरी चिंता कर रही है, जिन्हें इस योजना के जरिए विदेश में जॉब मिली है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब में काम कर रहे लोगों से बात हुई है और वे पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *