हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में बुधवार को अनुभवात्मक भौतिकी विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें पद्मश्री से सम्मानित आईआईटी कानपुर के रिटायर्ड प्रोफेसर एचसी वर्मा ने कॉलेज की साइंस स्ट्रीम के प्रोफेसरों के साथ ही आसपास के स्कूलों के शिक्षकों को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया।

साइंस इन सर्विस ऑफ सोसायटी और एमबीपीजी कॉलेज की ओर से आयोजित इस वर्कशॉप में करीब 87 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रोफेसर वर्मा ने फिजिक्स के थियोरेटिकल पार्ट पर चर्चा करने के साथ ही प्रैक्टिकल भी कराए और उन पर चर्चा भी की।

प्रोफेसर वर्मा ने कहा की कोई भी प्रयोग अंततः प्रकृति ही अपने सिद्धांतों के अनुसार करती है हम बस इस प्रयोग के लिए व्यवस्थाएं जुटाते हैं। इस दौरान उन्होंने गिलास, कागज व सिक्के की मदद से न्यूटन के नियमों को समझने के साथ ही अन्य सिद्धांतों को भी सरलता से समझाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. इन बनकोटी ने कहा कि इन प्रयोगों से शिक्षक अपने विद्यार्थियों को विज्ञान के जटिल से जटिल विषय भी आसानी से समझा सकते हैं। कार्यशाला के संयोजक डॉ नरेंद्र सिजवाली ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं समय की जरूरत हैं। संचालन डॉ नवल लोहनी ने किया। इस दौरान भवानी शंकर कांडपाल, त्रिभुवन जोशी समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27