Uttarakhand के Chamoli जिले की नीति घाटी में आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के पुरस्कार वितरण समारोह को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इलाके में टूरिज्म डेवलपमेंट के लिहाज से कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसके तहत नीति, मलारी, कोशा, फरकिया, बाम्पा, गुरगुटी, कैलाशपुर और महरगांव में सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। बकौल सीएम इसके अंतर्गत सामुदायिक होम स्टे निर्माण के साथ ग्रामीण पर्यटन हेतु आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नीति घाटी के अलग-अलग गांवों व प्रमुख पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनेज और व्यू प्वाइंट विकसित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने चीन सीमा पर स्थित रिमखिम और बाड़ाहोती इलाके में बॉर्डर टूरिज्म को विकसित करने के उद्देश्य से ‘सीमा दर्शन केंद्र’ का निर्माण करने की बात भी कही। 

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि ग्राम गमशाली स्थित दुप्फूधार मैदान में आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में साहसिक पर्यटन एवं बड़े आयोजनों को बढ़ावा मिल सके। सरकार का दावा है कि मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से नीति घाटी सहित पूरे सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *