हल्द्वानी स्थित एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ (DUY) के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार एवं अपने स्वयं के व्यवसाय की स्थापना के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें उपलब्ध अवसरों और प्रशिक्षण की जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को योजना के चार मुख्य चरणों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसमें एक दिवसीय ओरिएंटेशन के बाद तीन दिवसीय बूट कैंप (आइडिया से बिजनेस की तैयारी), आईआईएम काशीपुर में EDP प्रशिक्षण (व्यावसायिक कौशल, मार्गदर्शन व नेटवर्किंग) तथा देहरादून में आयोजित होने वाले मेगा इवेंट के माध्यम से विद्यार्थियों को ₹1 लाख तक की सीड कैपिटल (प्रारंभिक पूंजी) प्राप्त करने के अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन प्रोजेक्ट ऑफिसर (नैनीताल) भूपेंद्र सिंह मेहरा ने विद्यार्थियों को उद्यमिता की संभावनाओं की जानकारी देते हुए अपने आइडिया को व्यावसायिक रूप देने, कौशल विकसित करने तथा केवल रोजगार मांगने के बजाय रोजगारदाता बनने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए उद्यमिता के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने कौशल एवं नवाचार को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन गणित विभाग के प्राध्यापक एवं Biotech प्रभारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *