उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर के यूट्यूबर सौरभ जोशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सौरभ अपनी कार में E20 पेट्रोल भरवाने के बाद माइलेज घटकर आधे से भी कम होने का दावा कर रहे हैं। उनके वीडियो पर आम आदमी पार्टी ने प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को घेरा है। 

वायरल वीडियो में सौरभ कार चलाते हुए कह रहे हैं, “गाइज इतना बुरा लग रहा है न…कल मैंने आप लोगों को दिखाया था कि हमारी गाड़ी की माइलेज हो गई थी-17 से सीधा 9 पर…आज पता है कि कितनी हो गई है?।” इसके बाद वे कार की स्क्रीन की तरफ कैमरा करते हुए बोले, “आज 5 हो गई है। ये देखो भाई 5 की माइलेज दिखा रहा है। भाई ये क्या हो गया है एथेनॉल (E20 पेट्रोल भरवाने) की वजह से! अब पता नहीं ये गाड़ी कब खराब हो जाएगी!”

इस पर सौरभ के साथ कार पर सवार उनकी पत्नी अवंतिका कहती हैं, “आधी की भी आधी हो गई है।” इस पर सौरभ ने कहा, “5 की माइलेज तो बहुत कम होती है। क्या होगा हमारा भाई” इस पर अवंतिका ने कहा- “इतने पैसे हमने लगाए हैं…इस गाड़ी पर…और देखो।” इसके बाद वीडियो में सौरभ कहते हैं, “आजकल पेट्रोल भरवाने में इतना डर लग रहा है कि कहीं मेरी गाड़ी खराब न हो जाए…क्योंकि आजकल बहुत लोगों की गाड़ी मिलावट की वजह से खराब हो रही है।”

वीडियो में वह आगे नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने की जानकारी देते हुए कहते हैं, “अच्छा हुआ कि मैंने…इलेक्ट्रिक (कार) ले ली। पेट्रोल नहीं ली। एक तो पैसे भी ज्यादा लगते हैं। ऊपर से जब खराब हो जाती है, तो मोटा खर्चा आता है…अब वही चलाएंगे।” बकौल सौरभ, इलेक्ट्रिक कार की बैटरी एक बार चार्ज होने के बाद 500 किलोमीटर चल सकती है।

अपने फायदे के लिए देश को टेस्टिंग लैब बनाकर बर्बाद करना बंद करो: आप

इधर, इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) लगातार सरकार पर हमलावर है। ‘आप’ ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को घेरा है। ‘आप’ ने लिखा, “नितिन गडकरी जी, आपके E20 इथेनॉल एक्सपेरिमेंट से लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं।” पार्टी ने आगे लिखा, “आपने कहा था कि एक भी शिकायत नहीं मिली है। क्या अब इसे भी प्रायोजित करार देंगे? अपने मुनाफे के लिए देश को टेस्टिंग लैब बनाकर बर्बाद करना बंद कीजिए।”

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *