पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के भवाली में किशोरी से रेप और उसके गर्भवती होने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी होने पर बीजेपी और अन्य संगठनों से जुड़े लोगों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बाजार बंद करा दिया। वहीं, पुलिस ने दूसरे समुदाय से जुड़े आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। उसे जेल भेज दिया गया है। 

दरअसल, परिजन पीड़िता को पेट दर्द होने की शिकायत पर सीएचसी भवाली ले गए। जहां जांच होने पर उसके 6 माह की गर्भवती होने की जानकारी मिली। मामले में पूछताछ करने पर साहिल अहमद नामक टैक्सी चालक द्वारा किशोरी को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई। 

पुलिस ने किशोरी की मां की शिकायत पर साहिल के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं मे केस दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने साहिल के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।  पुलिस ने बताया कि आरोपी की जांच फॉरेंसिक लैब टीम से कराई गई है। वहीं, उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि दुष्कर्म के आरोपी पर कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ उसकी संपत्ति जब्त की जाएगी। 

माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर नजर रख रही पुलिस 

एसएसपी डॉ मंजुनाथ टीसी ने कहा कि क्षेत्र में माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर नैनीताल पुलिस की मॉनिटरिंग सेल नज़र बनाए हुए है। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अफवाहों से बचें और भड़काऊ पोस्टों को शेयर न करें।  

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *