देहरादून। पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मामले में मृतक महिला के पहले पति को गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। 

आपको बता दें कि पिछले दिनों प्रेमनगर इलाके में मांडूवाला के जंगल में बालासुंदरी-शीतला माता मंदिर परिसर के पास एक महिला का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए 30 से ज्यादा मलिन व झुग्गी बस्तियों में पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया गया। 5000 से ज्यादा बाहरी व स्थानीय लोगों का सत्यापन कर महिला से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। जांच में मृतका की पहचान 32 वर्षीय रूपा के रूप में हुई। 

पुलिस ने दावा किया कि महिला की हत्या उसके पहले पति बिहार के सहरसा निवासी रंजीत शर्मा ने की है। पुलिस ने उसे भाटोवाला से गिरफ्तार किया है। पुलिस की मानें तो रूपा ने 4 साल पहले किसी अन्य शख्स से शादी की थी जिसके बाद रंजीत ने भी दूसरी शादी कर ली थी। बकौल पुलिस, करीब 1 साल पहले रूपा अपने दूसरे पति को छोडकर दोबारा रंजीत के कांटेक्ट में आई थी। 

पुलिस ने बताया कि रूपा एक महीने पहले अपनी 11 महीने की बच्ची को लेकर रंजीत के साथ रहने के लिये देहरादून पहुंची थी। आरोप है कि रूपा लगातार रंजीत पर दूसरी पत्नी को छोडकर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी और उसे कॉल पर बात करने से भी रोक रही थी। इसे लेकर हुए विवाद में रंजीत ने रोटी-बिलखती 11 महीने की बेटी के सामने कथित तौर पर गला दबाकर रूपा की हत्या की। 

आरोप है कि रंजीत ने घटना को अंजाम देने के बाद उसे एक कट्टे में डाला और अलग कमरे में रखकर रजाई से ढक दिया था। उसने अपनी दूसरी पत्नी को बिहार से देहरादून बुलाया और वह चार दिन तक शव के साथ ही उस मकान में रहा। इस दौरान वह दूसरे कमरे में बिटिया को भी पालता रहा। एसएसपी ने बताया कि आठ मार्च को दूसरी पत्नी के देहरादून पहुंचने पर रंजीत ने उसे बच्ची को सौंपा और ठेकेदार से बहाने से बाइक मांगकर शव को जंगल में फेंका। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27