हल्द्वानी। उत्तराखंड में नर्सिंग भर्ती वर्षवार कराने समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को नर्सिंग एकता मंच ने बुद्धपार्क में प्रदर्शन किया। इसके बाद नर्सों ने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के आवास तक जुलूस निकालकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले प्रदर्शन कर आंदोलनकारियों ने कहा कि वर्षवार भर्ती नहीं होने से हजारों योग्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने वर्तमान में जारी नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा का पोर्टल तत्काल प्रभाव से बंद करने और नई भर्ती प्रक्रिया वर्षवार शुरू करने की मांग की। आंदोलनकारियों का दावा है कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया से पारदर्शिता और न्यायसंगत व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। ‘2500 रिक्त पदों पर निकाली जाए भर्ती’ आंदोलनकारियों ने ज्ञापन में इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स (IPHS) के मानकों के आधार पर करीब 2500 रिक्त पदों पर शिक्षा स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में एक साथ भर्ती निकालने की मांग भी रखी है। इसके साथ ही निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को इस भर्ती में विशेष छूट देने की भी मांग की गई है। उन्होंने मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। Post navigation सीएम धामी ने दी बागेश्वर जिले की तीन सड़कों के नाम बदलने की स्वीकृति हरदा से मिले सीएम धामी, दिया ऐसा गिफ्ट जिसने बटोरी सुर्खियां