हल्द्वानी। नैनीताल के एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने गुरुवार को नवीन मंडी परिसर स्थित गल्ला मंडी में युवक-युवती के शव बरामद होने के मामले का खुलासा 14 घंटे के अंदर कर दिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों की हत्या शराब के नशे में चार लोगों द्वारा की गई थी। पुलिस ने मामले के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए पत्थर, मृतकों के मोबाइल फोन और आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद करने का भी दावा किया है। गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे गल्ला मंडी में एक युवक और एक युवती का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई थी। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की बात सामने आने पर एसएसपी ने मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम बनाई थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक व आरोपी थे दोस्त, हत्या का कारण भी जानें एसएसपी के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे सभी दोस्त थे और साथ में बैठकर शराब पी रहे थे। बकौल एसएसपी, इस दौरान उनके बीच ज्यादा नशे के कारण किसी छोटी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच आरोपियों द्वारा मृतका के साथ कथित तौर पर छेड़खानी की गई। एसएसपी ने बताया कि शुभम और लक्ष्मी ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी बीच आपसी झगड़े में उन्होंने शुभम को मौत के घाट उतार दिया। बकौल पुलिस, आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिहाज से लक्ष्मी की भी हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थर से कुचले थे। 20-25 साल है मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की उम्र पुलिस ने मामले में जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें धानमिल की वसुंधरा कॉलोनी निवासी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर व दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और खन्ना फार्म डी क्लास का सौरभ भट्ट उर्फ भटिया एवं उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी का रहने वाला दीपेश लटवाल शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इन सभी आरोपियों की उम्र 20 से 25 वर्ष है। अक्कू और दीपेश की उम्र 25 वर्ष है। वहीं, पुलिस ने भाटिया और दीपू की उम्र 20 वर्ष बताई है। एक आरोपी पर 11 और एक पर 3 केस पहले से हैं दर्ज: पुलिस पुलिस ने बताया कि घटना का आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कु ठाकुर आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों से जुड़े 11 केस दर्ज हैं। एसएसपी मंजुनाथ टीसी के मुताबिक, उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी केस दर्ज है। उन्होंने बताया कि दीपेश लटवाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 2 मामलों समेत कुल तीन केस दर्ज हैं। बकौल एसएसपी, अन्य दो आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री भी जांची जा रही है। कौन थे मृतक व मृतका? एसएसपी ने बताया कि दोनों मृतकों से मिले डाक्यूमेंट्स के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क कर उनकी शिनाख्त कार्रवाई गई। मृतक युवक की शिनाख्त अल्मोड़ा जिले के तल्ला खोल्टा निवासी शुभम टम्टा और युवती की पहचान ओखलकांडा के मल्ली पोखरी की रहने वाली 19 वर्षीय लक्ष्मी पोखरिया के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि युवक एक नशा मुक्ति केंद्र में काम करता था जबकि युवती फिलहाल बेरोजगार थी। लक्ष्मी के परिजन की तहरीर पर दर्ज हुआ केस पुलिस ने बताया कि मामले में लक्ष्मी के परिजन ने तहरीर सौंपी है। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने हल्द्वानी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। Post navigation Haldwani में डबल ‘मर्डर’, युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी; इलाका सील Uttarakhand में राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ी; श्रेणीवार जानिए नई रकम