representational image

देहरादून। सोमवार को दिनदहाड़े एक युवती की चापड़ से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के आरोपी युवक के एक बच्चे का पिता होने की बात सामने आई है। 

अंसारी मार्ग मच्छी बाजार में सोमवार सुबह 27 वर्षीय आकाश कुमार नामक युवक ने 23 वर्षीय युवती की कथित तौर पर चापड़ से कई वार कर दिए और मौके से भाग गया। युवती को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है और व्यापारियों द्वारा बाजार बंद किए जाने की खबर भी सामने आई है।

गौरतलब है कि आरोपी ने घटना को युवती के घर के पास ही अंजाम दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई गई है। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात करने के साथ ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने मौका मुआयना भी किया है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी युवक को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। 

युवती को धमका रहा था युवक, दो दिन पहले ही दी गई थी शिकायत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतका ने दो दिन पहले ही युवक के खिलाफ खुदबुड़ा चौकी में धमकाने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, मर्डर की घटना के बाद युवती के परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया है। युवती के परिजन ने पुलिस ने खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। 

डेंटल क्लिनिक में काम करती थी युवती

खबरों के मुताबिक, घटना में मारी गई युवती इलाके के एक डेंटल क्लिनिक में काम करती थी। बकौल रिपोर्ट्स, घटना के समाय युवती क्लिनिक जाने के लिए अपने घर से निकली थी और आरोपी ने बातचीत के बहाने से घटना को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27