ऊधम सिंह नगर (Uttarakhand) जिले की पुलिस ने रुद्रपुर के स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अवैध धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही 5 लड़कियों का रेस्क्यू भी किया है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने शहर के गाबा चौक स्थित ब्यूटी क्वीन नामक स्पा सेंटर में छापेमारी की। उन्होंने बताया कि इस दौरान देह व्यापार का खुलासा हुआ। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात भी सामने आई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए 6 लोगों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं। इस दौरान टीम ने जिन 5 लड़कियों का रेस्क्यू किया है उनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मिजोरम की युवतियों को अच्छे काम व अच्छी नौकरी का लालच देकर यहां लाते थे। आरोप है कि इसके बाद उन्हें डरा-धमकाकर उनसे जबरन देह व्यापार कराया जाता था। एसएसपी के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। 

बताया जा रहा है कि पुलिस ने जिन लड़कियों का रेस्क्यू किया है उनकी काउंसिलिंग कराने के साथ ही उन्हें सुरक्षित जगहों पर रखा गया है। पुलिस ने कहा है कि इन लड़कियों की जरुरी मदद भी की जा रही है। वहीं, पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। 

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई: एसएसपी

एसएसपी अजय गणपति ने कहा है कि अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि स्पा सेंटर की आड़ में ऐसे अवैध धंधे करने वालों के खिलाफ सख्त-से-सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पिछले कुछ समय में कई स्पा सेंटरों में छापेमारी कर अवैध धंधों का भंडाफोड़ किया है।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *