Nainital-Udham Singh Nagar लोकसभा सीट से सांसद अजय भट्ट ने जमरानी बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को पत्र लिखकर प्रभावित गांवों और पुनर्वास स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। सांसद ने पत्र में कहा कि परियोजना के तहत करीब 50 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई है, जबकि 213 परिवारों के मकान डूब क्षेत्र से प्रभावित हो रहे हैं। बकौल सांसद, इसके बावजूद पुनर्वास स्थल पर सड़क, बिजली और सुरक्षा दीवार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सांसद ने कहा है कि पुनर्वास में देरी के चलते प्रभावित परिवारों के सामने भविष्य और आजीविका को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जमरानी बांध जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण के साथ प्रभावितों की सुरक्षा और सम्मानजनक पुनर्वास भी प्राथमिकता होनी चाहिए। सांसद भट्ट ने कमिश्नर दीपक रावत से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर पुनर्वास कार्यों में देरी के कारणों की समीक्षा करने और संबंधित अफसरों को सभी लंबित कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है। Post navigation Uttarakhand: पुलिस ने मकान में छापा मारकर जुआ खेल रहे 12 लोगों को दबोचा Uttarakhand: 30 IAS-PCS अफसरों के हुए तबादले, कई जिलों के CDO बदले