नैनीताल पुलिस ने शादी का सीजन शुरू होने के साथ ही हल्द्वानी में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि शादी समारोहों में डीजे, बैंड-बाजे और बारात को लेकर निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। पुलिस ने रात 10 बजे के बाद डीजे और बैंड बजाने पर पूरी तरह रोक लगाने के साथ ही बारात को बैंक्वेट हॉल से 100 मीटर की दूरी से चढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, एसपी सिटी हरबंस सिंह ने शनिवार को मिनी पुलिस लाइन में बैंक्वेट हॉल संचालकों, डीजे और बैंड-बाजा संचालकों के साथ बैठक की। इसमें हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र के संचालक शामिल हुए। बकौल पुलिस, बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शादी समारोहों के दौरान सड़क पर जाम लगने और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने बैंक्वेट हॉल संचालकों को परिसर में और उसके चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही सुरक्षा के लिए वालंटियर नियुक्त करने को कहा है। पुलिस ने कहा है कि बारात की बुकिंग के संबंध में संबंधित अफसरों से जरूरी इजाजत लेनी होगी। साथ ही बैंक्वेट हॉल संचालकों को इसकी जानकारी पहले से संबंधित थाना प्रभारी को देनी होगी। वहीं, वर-वधू पक्ष को भी पहले ही बता दिया जाएगा कि बारात निर्धारित समय पर बैंक्वेट हॉल पहुंचे। पुलिस ने बारात में शामिल होने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। बकौल पुलिस, किसी भी वाहन को मुख्य सड़क पर खड़ा करने पर कार्रवाई की जाएगी और बारात में शामिल कोई भी व्यक्ति असलहा लेकर बैंक्वेट हॉल में एंट्री नहीं ले पाएगा। बैंड-बाजा संचालकों को छोटी ट्रॉली के साथ सड़क के किनारे चलने को कहा गया है, जिससे यातायात प्रभावित न हो। वहीं, सड़क के बीचों-बीच या भीड़ के नजदीक खतरनाक आतिशबाजी करने पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा शादी समारोहों में काम करने वाले कैटरर्स, बैंड और डीजे संचालकों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को बारातों की सूचना मिलने पर अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। Post navigation Haldwani: वीकेंड पर 14 व 15 नवंबर को डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक चाचा नेहरू के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प ले युवा पीढ़ी: सुमित हृदयेश