Dehradun के जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को विकासनगर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। इस पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

छापेमारी के दौरान वर्ष 2018, 2024 व 2025 तक के मूल विलेख पत्र (Original Deed Registers) कार्यालय में संदिग्ध स्थिति में मिले, जिन्हें तत्काल कब्जे में लेते हुए जब्त कर लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में नियमों के खिलाफ जाकर बिक्री के लिए प्रतिबंधित जमीन की रजिस्ट्री किए जाने के मामले भी सामने आए हैं। 

इसके अलावा जांच में धारा 47-ए के तहत स्टांप फीस की चोरी से जुड़े 47 मामले भी चिह्नित किए गए हैं। डीएम ने कहा है कि यह वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला है और इस पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कार्यालय संचालन में पारदर्शिता की कमी और अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही जैसी अन्य अनियमितताएं भी मिली हैं। 

डीएम ने बताया कि इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत जांच करते हुए जिला प्रशासन एक समग्र रिपोर्ट तैयार करेगा जिसे शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने वर्तमान एवं पूर्व में तैनात सभी सब-रजिस्ट्रार के कार्यकाल के दौरान हुई सभी गतिविधियों की गहन जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *