प्रतीकात्मक तस्वीर

Uttarakhand के चंपावत जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां सहेली के शादी समारोह में शामिल होने गई 10वीं कक्षा की छात्रा को अगवा करने के बाद उससे गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना को बीजेपी नेता और दो अन्य लोगों ने अंजाम दिया है। इस घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया। 

किशोरी के पिता ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि 5 मई को उनकी 16 वर्षीय बेटी विनोद सिंह रावत नमक शख्स के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए सल्ली गई थी। उन्होंने कहा कि बेटी के देर रात तक घर न लौटने पर उन्होंने उसे कॉल की लेकिन कॉल नहीं मिली।

उन्होंने बताया कि रात करीब 1बजकर 28 मिनट पर उनकी बेटी ने उन्हें कॉल की और उसके तुरंत बाद उसका नंबर स्विच ऑफ आने लगा। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों के साथ खोजबीन करने पर किशोरी एक डेयरी के पास स्थित कमरे में निर्वस्त्र हालत में मिली। किशोरी ने बताया कि विनोद, पूरन सिंह रावत और नवीन सिंह ने चाकू व बसूले जैसे धारदार हथियार उसके गले में रखकर उसके साथ गैंग रेप किया। 

आरोप है कि पीड़िता को किसी को भी घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता के पिता के मुताबिक, आरोपी पीड़िता के हाथ-पैर बांधकर उसे निर्वस्त्र हालत में कमरे में ताला लगाकर मौके से भाग गए। उन्होंने बताया कि विनोद, किशोरी से कुछ दिनों से बातचीत कर रहा था। 

बताया जा रहा है कि विनोद कॉम्पटेटिव एग्जाम की तैयारी करता है जबकि नवीन डेयरी में कार्यरत है। मीडिया रिपोर्ट्स में पूरन के पूर्व प्रधान होने व वर्तमान में बीजेपी का मंडल उपाध्यक्ष होने की बात सामने आई है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को जिला अस्पताल ले जाकर उसका इलाज व मेडिकल चेकअप कराया गया है। इसके साथ ही पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं।

एसपी रेखा यादव ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी एवं स्थानीय पुलिस को इलाके में तैनात किया गया है। वहीं, पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की अलग-अलग धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत केस कर लिया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27