Uttarakhand के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप ऑफिस स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कुल 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारियों, 42 फार्मासिस्ट, उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 लैब असिस्टेंट व मशरूम पर्यवेक्षक शामिल रहे।

इस दौरान सीएम धामी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है।उन्होंने कहा कि Uttarakhand जैसे भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका काफी महत्त्वपूर्ण है।

बकौल सीएम, दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में संकट की घड़ी में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मी ही होते हैं। उन्होंने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि वे संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

आयुष्मान योजना में अब तक कितने लोगों का कितने रुपये का कैशलेश इलाज हुआ? 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के जरिए लाखों परिवारों को उपचार का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य प्रदेश में अब तक 62 लाख से ज्यादा आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 12 लाख मरीजों का ₹2,200 करोड़ से ज्यादा का कैशलेस इलाज किया जा चुका है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण और संचालन तेजी से किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि 2 निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। 

देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण प्रगति पर है। दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टेलीमेडिसिन एवं हेली एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।

पिछले साढ़े चार वर्षों में 32,000 से ज्यादा युवाओं को मिली सरकारी नौकरी: सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता से हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। बकौल मुख्यमंत्री, इसका परिणाम यह है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं उद्यानिकी को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन तथा मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव नियुक्त युवा प्रदेश को कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27