देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह गोलीकांड से हड़कंप मच गया। इस दौरान मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर को गोली लगने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। 

जानकारी के मुताबिक, इलाके में दो एसयूवी कार सवारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी के एक गोली लग गई। इससे उनकी मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि घटना सुबह 7 बजे से पहले की है। 

इस घटना से इलाके में भय का माहौल है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस अफसरों के हवाले से छपा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। 

एक कार सवार 2 लोग भी हुए हैं घायल: रिपोर्ट्स

मीडिया में अब तक सामने आईं खबरों के मुताबिक, विवाद में मारपीट भी हुई है। बकौल रिपोर्ट्स, मारपीट और फायरिंग के दौरान एक कार सवार 2 लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के दौरान एक कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात भी सामने आई है। इस हमले में दोनों गाड़ियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *