उत्तराखंड में चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्यटन के बीच सड़क सुरक्षा एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए दो सड़क हादसों ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हरिद्वार में श्रद्धालुओं से भरी बस डंपर की टक्कर के बाद पलट गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और 38 लोग घायल हो गए। वहीं, टिहरी गढ़वाल में चारधाम यात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 4 यात्री घायल हुए हैं। आइए देखते हैं दोनों हादसों पर यह रिपोर्ट।

हरिद्वार में सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के नागौर जिले से आए श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे और भूपतवाला स्थित एक धर्मशाला में ठहरे हुए थे। सोमवार सुबह सप्तऋषि चौकी क्षेत्र स्थित एक ढाबे के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। पुलिस ने बताया कि इसी बीच देहरादून की ओर से आ रहे एक डंपर ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी जिससे बस पलट गई। 

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को किसी तरह बस से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि हादसे में 30 महिलाओं व 2 बच्चियों समेत कुल 38 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे में एक महिला की मौत हुई है और उनका शव मोर्चरी में रखा गया है।

वहीं, टिहरी गढ़वाल जिले में कांडीखाल के पास चार धाम यात्रियों की बस पलट गई। पुलिस ने बताया कि बस सवार यात्री गंगोत्री धाम से केदारनाथ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बकौल पुलिस, हादसे से 4 यात्री घायल हुए हैं जिनका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, सभी यात्री हरियाणा के पलवल जिले के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27