ऊधम सिंह नगर (Uttarakhand) पुलिस ने खटीमा में लापता 20-वर्षीय अभय उर्फ लल्लू की हत्या का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में युवक के पुराने दोस्त ने ही उसकी गला घोंटकर हत्या की थी। बकौल पुलिस, आरोपी ने घटना को अंजाम देने के बाद शव को घटनास्थल के पास गटर में छिपाया था। पुलिस ने मामले में आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा और ₹600 बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 17 शिव कॉलोनी निवासी रवि ने 9 नवंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि उनका 20 वर्षीय भाई अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए चला गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी।

जांच और सुरागरसी के दौरान पुलिस को अभय के परिचित संजय गुप्ता पर शक हुआ। बताया गया कि संजय ने मृतक का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहते हुए लौटाया था कि उसे फोन रास्ते में पड़ा मिला था। संदेह के आधार पर पुलिस उसे पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान संजय ने अभय की हत्या कर शव गटर में छिपाने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले और इसके बाद कॉलोनी के पीछे स्थित खाली मैदान में चले गए। आरोपी के कथित बयान के अनुसार, दोनों स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर संजय ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने अभय के पास रखे करीब ₹2,300 और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से करीब 15-20 मीटर दूर स्थित गटर में फेंककर छिपा दिया। बकौल पुलिस, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मोबाइल फोन की पहचान हो जाने और पकड़े जाने के डर से उसने 8 नवंबर को फोन मृतक के बड़े भाई रवि को लौटा दिया था। वहीं, मृतक से मिले ₹2,300 में से ₹1,700 दीपावली पर खर्च कर दिए और ₹600 उसके पास बचे थे। 

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव तथा हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी खटीमा थाने में चोरी, हत्या से संबंधित और अन्य आपराधिक धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *