उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 980 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पंजाब के तरणतारण के एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। 

एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि गंगनहर कोतवाली की पुलिस टीम ने लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार की जांच की। इस दौरान कार में बैठे शख्स ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। 

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान पंजाब के तरणतारण निवासी 38 वर्षीय गुरविन्दर सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि वह हेरोइन पंजाब से खरीदकर रुड़की में बेचने के लिए लाया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी और हेरोइन खरीदने-बेचने वाले हर व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। पुलिस अब आरोपी की क्रिमिनल हिस्ट्री भी चेक कर रही है। 

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *