हल्द्वानी। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने देहरादून में हाइटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को नकल गिरोह पर अपनी सर्जिकल स्ट्राइक करार देते हुए बताया कि मामले में 2 आरोपियों को परीक्षा केंद्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि परीक्षा केंद्र में दोनों लोग एसएससी (SSC) की मल्टी टास्किंग भर्ती परीक्षा में आधुनिक तकनीक के जरिए अवैध तरीके से पेपर सॉल्व कराए जा रहे थे।
उत्तराखंड एसटीएफ के आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि दोनों राज्यों की एसटीएफ की टीमों ने एसएससी (SSC) की मल्टी टास्किंग भर्ती परीक्षा के लिए देहरादून में बनाए गए परीक्षा केंद्र महादेव डिजिटल जोन में छापा मारा। पुलिस ने मौके से देहरादून के भास्कर नैथानी और यूपी के देवरिया निवासी नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया है।
भरणे के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गिरोह अभ्यर्थियों को पास कराने के एवज में ₹10-₹10 लाख की मांग करता था। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र को सील कर दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार के कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा 13 फरवरी को अलग-अलग राज्यों में मल्टी टास्किंग भर्ती परीक्षा कराई जा रही थी। इस परीक्षा के दौरान ही देहरादून में इस गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। परीक्षा में कथित तौर पर आधुनिक तकनीक के जरिए अवैध तरीके से पेपर हल कराए जा रहे थे।
उत्तराखंड एसटीएफ के आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि अवैध तरीके से पेपर सॉल्व कराने का ये पूरा खेल फेक आईपी एड्रेस के जरिए सिस्टम को बाईपास कर किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र की जांच करने पर वहां यूपीएस रूम में एक खुफिया चैंबर मिला।
बकौल भरणे, इस चैंबर में छिपाकर रखे गए लैपटॉप, राउटर और ईथरनेट केबिल के जरिए रिमोट एक्सेस लेकर अभ्यर्थियों के प्रश्न पत्र हल किए जा रहे थे। बकौल पुलिस, दोनों लैपटॉप स्वचालित अवस्था में मिले हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों लैपटाप के जरिए परीक्षा में प्रश्न पत्रों को हल करने में मदद की जा रही थी। एसटीएफ टीम ने तकनीकी व फोरेंसिक उपकरणों का प्रयोग करते हुए उक्त सिस्टम को कब्जे में लेकर सील किया है।
उत्तराखंड एसटीएफ के आईजी नीलेश आनंद भरणे ने कहा है कि संभवतः ये देश में इस तरह का पहला मामला है जिसमें सेंटर के सर्वर रूम में जमीन के अंदर चेंबर बनाकर पेपर सॉल्व किए जा रहे थे। वहीं, मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के साथियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम बनाई गई हैं। पुलिस टीम उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही छापेमारी कर रही है।
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप इलाके में गोल मड़ैया के पास रविवार रात एक नाले में एक…
पिथौरागढ़। बंगापानी-मदकोट मार्ग पर एन बैंड के पास रविवार को एक कार अनियिंत्रित होकर खाई…
बागेश्वर। जिले के कपकोट इलाके में रविवार को खंडहर में एक शख्स का कंकाल मिलने…
हरिद्वार। जिले के रानीपुर कोतवाली की पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने एक मकान…
नैनीताल। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 17 मार्च को पतलोट में रोजगार मेले का…
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के मुखानी थाने की पुलिस ने होली की सुबह इलाके के बिठौरिया…