हल्द्वानी। भोटिया पड़ाव इलाके में स्थित स्वर्णिका ज्वेलर्स से ₹90 लाख कीमत का सोना और हीरा गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शोरूम के मैनेजर ने गायब हुआ सोना और हीरे गिफ्ट कर दिए हैं। इस मामले का पता स्टॉक ऑडिट के दौरान चलने का दावा किया गया है।

मामले में स्वर्णिका ज्वेलर्स शोरूम का संचालन करने वाली एक्यूफैक्स इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एमडी नागेंद्र चंद्र भट्ट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि शोरूम की जिम्मेदारी जीएम तरुण जैन के पास थी। बकौल भट्ट, स्टॉक का प्रत्यक्ष नियंत्रण, प्रबंधन और अभिरक्षा की पूरी जिम्मेदारी जैन की थी और वह उच्च मूल्य स्टॉक के लेनदेन के भी प्रभारी थे।

भट्ट का दावा है कि फरवरी के अंत में स्टॉक का ऑडिट करने के दौरान ₹90 लाख कीमत का सोना और हीरा स्टॉक में कम होने का पता चला। इसके बाद तरुण कथित तौर पर छुट्टी पर चले गए और पांच मार्च को लौटे। भट्ट के मुताबिक, इसी बीच वह अचानक किसी ग्राहक से मिलने की बात कहते हुए चले गए और वापस नहीं आए।

आरोप है कि उनके मोबाइल फोन नंबर बंद हैं जिसके चलते उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर गबन समेत अन्य आरोपों में तरुण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी तरुण की तलाश में जुटी हुई है।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *