उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर घूमने आए दिल्ली और फरीदाबाद के पर्यटकों का टैंपो ट्रैवलर शुक्रवार को रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास खाई में गिर गया। हादसे में तीन पर्यटकों की मौत हो गई जबकि एक बच्ची समेत 19 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, एक शख्स का शव वाहन के नीचे दब गया था जिसे देर शाम क्रेन की मदद से निकाला जा सका।

जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद से 21 लोगों का दोस्तों का समूह मुक्तेश्वर घूमने आया था। शुक्रवार दोपहर लौटते समय दुत्कानेधार के पास अचानक टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने खाई में फंसे पर्यटकों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सीएचसी रामगढ़ भेजा। वहीं, कई घायलों का इलाज हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। इधर, एडीएम विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका समेत अन्य अफसरों की टीम ने सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *