गणतंत्र दिवस के मौके पर सोमवार को हल्द्वानी शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नज़र आया। सुबह से ही शहर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला और राष्ट्रप्रेम की भावना हर ओर देखते ही बनता नजर आया।
सरकारी दफ्तरों से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक तिरंगा शान से फहराया गया। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को गर्व और सम्मान से भर दिया। हर चेहरे पर गर्व था और हर दिल में संविधान के प्रति सम्मान। वहीं स्कूलों में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आजादी, संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों को जीवंत कर दिया।
26 जनवरी के मौके पर नगर निगम में मेयर गजराज बिष्ट ने तिरंगा फहराया। इस दौरान स्कूली बच्चों के समूह ने लोकगीत पर सुन्दर प्रस्तुतियां दीं। पार्षद डेविड ने जब जीरो दिया मेरे भारत ने गाना गाकर वहां मौजूद लोगों में जोश भर दिया।
इसके बाद नगर निगम की ओर से एमबीपीजी कॉलेज में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज से झंडा रैली निकालकर की गई। इसमें कॉलेज के एनसीसीसी और एनएसएस के स्टूडेंट्स के साथ ही प्राइवेट स्कूलों के स्टूडेंट्स भी शामिल हुए। इसका नेतृत्व मेयर गजराज बिष्ट ने किया। यह रैली कॉलेज से शहीद पार्क और तिकोनिया होते हुए कॉलेज में ही लौटी।
इसके बाद मेयर गजराज बिष्ट और स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश ने संयुक्त रूप से यहां झंडा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। यहां सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के स्टूडेंट्स ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों में लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। इन कार्यक्रमों में नगर निगम के पार्षद और स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।
गणतंत्र दिवस के मौके पर हल्द्वानी के एसडीएम कोर्ट परिसर में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। यहां कुमाऊंनी विकास सांस्कृतिक संस्था की ओर से लोक कलाकार लछी राम के नेतृत्व में रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं।
हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश और नैनीताल जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल छिम्मवाल समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं ने झंडा फहराया। इस दौरान वंदे मातरम और झंडा गीत भी गाया गया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया।
इसके अलावा हल्द्वानी के सभी स्कूलों में बच्चे देशभक्ति गीतों की धुन पर थिरकते नजर आए। एनसीसी और स्काउट-गाइड के अनुशासनबद्ध मार्च-पास्ट हो या वीर शहीदों को याद करते कार्यक्रम…हर दृश्य देश के लिए समर्पण की भावना को दर्शाता दिखा। गणतंत्र दिवस सिर्फ़ एक उत्सव नहीं, बल्कि संविधान द्वारा मिले अधिकारों और कर्तव्यों को याद करने का दिन है और हल्द्वानी में यह संदेश पूरे सम्मान और गरिमा के साथ सामने आया।
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप इलाके में गोल मड़ैया के पास रविवार रात एक नाले में एक…
पिथौरागढ़। बंगापानी-मदकोट मार्ग पर एन बैंड के पास रविवार को एक कार अनियिंत्रित होकर खाई…
बागेश्वर। जिले के कपकोट इलाके में रविवार को खंडहर में एक शख्स का कंकाल मिलने…
हरिद्वार। जिले के रानीपुर कोतवाली की पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने एक मकान…
नैनीताल। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 17 मार्च को पतलोट में रोजगार मेले का…
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के मुखानी थाने की पुलिस ने होली की सुबह इलाके के बिठौरिया…