उत्तराखंड के युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की बड़ी साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हल्द्वानी के काठगोदाम इलाके से पुलिस और एसओजी की टीम ने कथित तौर पर 618 ग्राम स्मैक के साथ राजस्थान के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी स्मैक की खेप काठगोदाम निवासी एक शख्स को सौंपने वाले थे, जो पहाड़ में गाड़ियों का काम करता है। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कथित तौर पर करीब 2 करोड़ रुपये की स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 4 जून को मुखबिर की सूचना पर काठगोदाम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान गौलापार में एक निर्माणाधीन भवन के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 27 वर्षीय गजब सिंह और 37 वर्षीय सीताराम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आपस में सगे भाई हैं। आरोपियों के कब्जे से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और वाहन भी बरामद किया गया है।

पूछताछ में सीताराम ने पुलिस को बताया कि गजब सिंह उसका सगा भाई है। दोनों राजस्थान से अपने मामा की टैक्सी लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार उनका कथित तौर पर काठगोदाम क्षेत्र में एक व्यक्ति को स्मैक की खेप सौंपने का प्लान था, जिसके बाद वे मुक्तेश्वर स्थित सीताराम के ससुराल जाने वाले थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

साथ ही पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्मैक की यह खेप किसे सौंपी जानी थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने संभावना जताई है कि यह उत्तराखंड में वर्ष 2026 के दौरान अब तक बरामद हुई स्मैक की सबसे बड़ी खेप हो सकती है।

नैनीताल पुलिस ने इस साल अब तक पकड़ी ₹6.54 करोड़ की स्मैक

इस बीच नैनीताल पुलिस ने वर्ष 2026 में नशे के खिलाफ हुई कार्रवाई का आंकड़ा भी जारी किया है। पुलिस के मुताबिक इस साल अब तक स्मैक से जुड़े 31 मामलों में 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 2 किलो 181 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत 6 करोड़ 54 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है।

इसके अलावा जिले में 5 मामलों में 6 लोगों को गिरफ्तार कर 48 किलो 606 ग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक है। वहीं 18 तस्करों के कब्जे से 11 किलो से अधिक चरस भी बरामद की गई है, जिसकी कीमत 12 लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 20 किलो से ज्यादा डोडा और 1023 नशीले इंजेक्शन भी विभिन्न मामलों में बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27