हरिद्वार के सिडकुल थाने की पुलिस ने जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी धमकी देने के बाद जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से तमंचा लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य के मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। सोमवार को थाना सिडकुल पुलिस टीम सूर्यनगर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हिमांशु चोढा को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद धमकी प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई। पत्नी से मुलाकात में रोक-टोक से नाराजगी का दावा पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। जेल में पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा अधिक पूछताछ किए जाने से वह नाराज था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ने ही उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने की बात कही और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से नया मोबाइल नंबर लिया और उसी से जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजे। बाद में सोशल मीडिया के जरिए मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह तमंचा और कारतूस लेकर हरिद्वार पहुंचा। पुलिस के मुताबिक वह जेल की ओर जा रहा था, तभी चेकिंग के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस अब आरोपी की पत्नी शीला की भूमिका की भी जांच कर रही है। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उसके खिलाफ भी संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ रायवाला थाने में भी पूर्व में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। Post navigation Haldwani: MBGPG कॉलेज में पीएचडी स्टूडेंट्स ने सीखीं रिसर्च की बारीकियां रामनगर: यूट्यूबर बिरजू मयाल ने थाने में मचाया उत्पात!, किया गया गिरफ्तार