एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के गृह विज्ञान विभाग द्वारा हिम वत्स सोसायटी के सहयोग से आयोजित गर्ल्स इंटर्नशिप प्रोग्राम का समापन हो गया है। इसमें विभाग की छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कई मॉडल तैयार करना सीखा और बाद में प्राइवेट स्कूलों में जाकर वहां के विद्यार्थियों को भी ट्रेनिंग दी। खास बात ये रही कि इससे छात्राओं की आमदनी भी हुई और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिम वत्स सोसायटी के डॉ केके पांडे ने कहा कि उनकी संस्था नारी सशक्तिकरण और बेहतर समाज निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है। संस्था के सचिव डॉ जी.बी. बिष्ट ने पर्यावरण संरक्षण और शिक्षित समाज की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अंजू बिष्ट ने बताया कि सोसायटी की ओर से छात्राओं को इंटर्नशिप के लिए तकनीकी और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रोग्राम का उद्देश्य छात्राओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यवहारिक शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ना था। इस दौरान छात्राओं को स्केलटन (कंकाल) और पाचन तंत्र से जुड़े मॉडलों समेत अन्य मॉडल भी बनाने सिखाए गए। ट्रेनिंग के बाद छात्राओं ने स्वयं मॉडल तैयार कर उनकी प्रस्तुति दी। इसके बाद छात्राओं की टीमें बनाकर हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों के स्कूलों में भेजा गया। स्कूलों में उन्होंने पांचवीं से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को विज्ञान के इन विषयों की जानकारी दी। छात्राओं ने बताया कि उन्हें स्कूलों और बच्चों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। बताया गया कि इस पहल से छात्राओं का आत्मविश्वास भी बढ़ा। अधिकांश छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और सरकारी स्कूलों से पढ़ी हुई हैं लेकिन उन्होंने निजी और इंग्लिश मीडियम स्कूलों के बच्चों को ट्रेनिगं देकर अपनी क्षमता साबित की। इंटर्नशिप के तहत छात्राओं को हर वर्कशॉप के लिए 500/छात्रा मानदेय भी दिया गया। छात्राओं ने 10 तक वर्कशॉप आयोजित कीं, जिससे उनकी ₹5,000-₹5,000 तक की आमदनी हुई। IQAC समन्वयक प्रोफेसर सीएस नेगी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रहित में बेहद आवश्यक हैं और इससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ रोजगारपरक कौशल भी विकसित होते हैं। कार्यक्रम का संचालन गणित विभाग के प्राध्यापक डॉ नरेंद्र सिजवाली ने किया और डॉ दीपा वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान डॉ धीरेंद्र बनकोटी, डॉ. प्रेम प्रकाश, डॉ इंदु पाठक समेत अन्य लोग मौजूद रहे। Post navigation ये जनता की सेवा का संकल्प पत्र: 307 लोगों को जॉइनिंग लेटर देते हुए Uttarakhand CM Uttarakhand: जिला योजना के तहत बांटे गए ₹1,018 करोड़+, जानें किस जिले को मिला कितना?