प्रतीकात्मक

रुद्रपुर।शहर के एक फाइव स्टार होटल में गुरुवार को बिजनेस पार्टनर के साथ रुकी एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला के परिजन ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौका मुआयना किया। 

जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली निवासी 40 वर्षीय ज्योति शर्मा दिल्ली में छतरपुर इलाके के रहने वाले अमित के साथ पार्टनरशिप में मिलकर एक रेस्टोरेंट चलाती थीं। बकौल रिपोर्ट्स, दोनों मंगलवार रात कैंची धाम जाने के लिए दिल्ली से निकले थे। दोनों बुधवार तड़के करीब 3 बजे रुद्रपुर के नैनीताल राेड स्थित एक फाइव स्टार होटल में पहुंचे और कमरा लेकर आराम करने चले गए।

पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे अमित ने होटल के रिसेप्शन पर पहुंचकर महिला के बेहोश होने की जानकारी दी और मेडिकल हेल्प मांगी। इस पर महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को मोर्चरी भेज दिया।

वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए। इसके साथ ही पुलिस ने अमित से पूछताछ भी की है। पुलिस ज्योति के परिजन के रुद्रपुर पहुंचने का इंतजार कर रही है और गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम होने की उम्मीद है। बकौल पुलिस, मौत के कारणों का खुलासा जल्द किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27