हल्द्वानी। नैनीताल जिले के कालाढूंगी थाने की पुलिस ने चकलुवा में पुरानी रंजिश के चलते कार सवार युवक को ट्रैक्टर से रौंदने की कोशिश करने के आरोप में शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी को घटना के 12 घंटे के अंदर पकड़ा गया है और उसके कब्जे से तमंचा भी बरामद हुआ है। 

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9:30 बजे लच्छमपुर, चकलुवा निवासी हिमांशु देऊपा नामक शख्स अपनी नई कार से एक ढाबे में खाना खाने आए थे। आरोप है कि इस बीच प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा नामक शख्स ने हिमांशु को जान से मारने की नियत से अपने ट्रैक्टर से उनकी कार पर कई बार टक्कर मारी। इस हमले में कार सवार हिमांशु और उनके साथी घायल हुए हैं। प्रवीण ने मौके पर कथित तौर पर गाली-गलौज भी की और जान से मारने की धमकी देकर ट्रैक्टर सहित भाग गया। 

पुलिस ने बताया कि हिमांशु की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर प्रवीण की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाकर दबिश दी गईं। उसे सीसीटीवी सर्विलांस तथा मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर नैनीताल रोड पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ट्रैक्टर और 315 बोर का अवैध तमंचा मिलने का भी दावा किया है। बकौल पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर भेजा गया। 

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में खनन सामग्री की दरों (सस्ता व महंगा डालने) को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी केस दर्ज है। सोशल मीडिया पर घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *