Haldwani विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी स्थित प्रमुख सरकारी चिकित्सालयों से विशेषज्ञ डॉक्टरों के व्यापक तबादलों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने शुक्रवार को अन्य कांग्रेस नेताओं संग जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि हल्द्वानी पूरे कुमाऊँ मंडल का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र होने के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों के लाखों लोगों के उपचार का मुख्य केंद्र है। प्रतिदिन नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर सहित अनेक जनपदों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, डॉ. सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय पहुँचते हैं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि हाल ही में डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय से 16, डॉ. सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय से 8 तथा महिला चिकित्सालय से 8 विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण से स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इनमें सर्जरी, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, एनेस्थीसिया, माइक्रोबायोलॉजी, कैजुअल्टी एवं इमरजेंसी सहित अनेक महत्वपूर्ण विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं।

सुमित हृदयेश ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का सीधा असर आम मरीजों पर पड़ेगा। विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय पर उपचार, ऑपरेशन एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन तबादलों की पुनः समीक्षा करने तथा यदि प्रशासनिक कारणों से स्थानांतरण आवश्यक हों तो उनके स्थान पर समान विशेषज्ञता वाले चिकित्सकों की तत्काल नियुक्ति सुनिश्चित किए जाने का आग्रह किया गया है, ताकि कुमाऊँ मंडल की स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *