मानसून के दौरान जलभराव से फैलने वाली बीमारियों की आशंका को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निकायों और संबंधित अधिकारियों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और लालकुआं जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन इलाकों के लिए एडवाइजरी जारी की जा रही है और लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी अस्पतालों को पर्याप्त बेड, प्लेटलेट्स की व्यवस्था और अन्य जरूरी संसाधन पहले से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

इसके साथ ही नगर निगम और संबंधित विभागों को जलभराव वाले क्षेत्रों की नियमित सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अपने आसपास पानी जमा न होने दें और बुखार या डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

Pahad News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *