उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने नए वृद्धाश्रमों को लेकर महत्त्वपूर्ण घोषणाएं कीं। 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज में बुजुर्गों का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनका सम्मान ही किसी भी सभ्य समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है। बकौल सीएम धामी, जिस परिवार और समाज में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि वास करती है।

उन्होंने बुजुर्गों को समाज की मजबूत जड़ों की संज्ञा देते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन सामाजिक संरचना को सुदृढ़ बनाए रखता है। उन्होंने समारोह में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह संदेश देता है कि उम्र केवल एक संख्या है और जीवन में ऊर्जा एवं उत्साह का कोई विकल्प नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सीएम धामी के मुताबिक, वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत राज्य के करीब 6 लाख बुजुर्गों को 1500 रुपये/माह की पेंशन दी जा रही है। इसके साथ ही सरकार पति व पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देकर उनकी आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत कर रही है। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी के मुताबिक, बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हो रहे हैं जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है।

बकौल सीएम धामी, इसके अलावा रुद्रपुर में एक आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण भी चल रहा है। उन्होंने नैनीताल के कोटाबाग में वृद्धाश्रम का निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस वृद्धाश्रम में सभी सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन जिलों में वृद्धाश्रम नहीं हैं वहां भी वृद्धाश्रम खोले जायेंगे

अलग-अलग जिलों के इन 13 वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित

इस मौके पर राज्य के अलग-अलग जिलों में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 वरिष्ठ नागरिकों को  मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इन लोगों में डॉ. ललित मोहन उप्रेती, रमेश मटेला, गोपाल कृष्ण बडोला, डॉ. भुवन चंद्र जोशी, डॉ. त्रिभुवन दत्त शर्मा, आचार्य हरीश चन्द्र पंत, डॉ. आशुतोष पंत, योगेश पांथरी, सुरेश आर्य, गणेशी देवी, अशोक कुमार पंत, गंभीर सिंह चौहान और अनंत प्रसाद नौटियाल शामिल रहे।

इसके साथ ही वरिष्ठ लोगों के बीच खेले गए फुटबॉल फुटबाल व बैटमिंटन प्रतियोगिता की विजेता टीमों के खिलाड़ियों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© All rights reserved by p4pahadnews.com 2026-27